जयपुर में आरटीओ इंस्पेक्टर ने ट्रक ड्राइवर को मारा थप्पड़:नाम पूछने पर बोला- जो तेरे बाप का नाम है वही मेरा है, कहा- भगाओ इसको लूटपाट कर रहा है

जयपुर में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और आरटीओ दस्ते के व्यवहार को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। शनिवार को सोशल मीडिया पर शेयर हुए एक वीडियो ने आरटीओ इंस्पेक्टर की अभद्रता और मारपीट को फिर चर्चा में ला दिया। वीडियो आमेर तहसील स्थित बिलोचा गांव जयपुर ग्रामीण, दिल्ली बायपास का है। शनिवार सुबह 8.30 बजे यहां हाईवे किनारे स्थित RN होटल का मामला है। वीडियो में एक ट्रक ड्राइवर और आरटीओ सेकेंड के उड़नदस्ते के बीच विवाद दिख रहा है। ड्राइवर का आरोप है कि उसकी गाड़ी को बिना कारण 4 से 5 किलोमीटर दूर ले जाकर रोका गया और उससे गलत तरीके से बात की गई। वीडियो में नाम पूछने पर इंस्पेक्टर का अपमानजनक जवाब और ड्राइवर को थप्पड़ मारने की आवाज साफ सुनाई दे रही है। आरटीओ दस्ते और ड्राइवर के बीच क्या हुआ- विवाद की पूरी कहानी वीडियो के मुताबिक ट्रक ड्राइवर का आरोप है कि उसकी गाड़ी को रोकने के बाद दस्ते ने उसे 4-5 किलोमीटर तक ले जाकर खड़ा करवाया। ड्राइवर जब वीडियो बनाते हुए सवाल करता है, तो कर्मचारी उसे रोकने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान नाम पूछने पर परिवहन निरीक्षक का जवाब को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ड्राइवर और इंस्पेक्टर के बीच हुई बातचीत ड्राइवर: यह जयपुर का आरटीओ है। यह मेरी गाड़ी की हाइट है। 5 किलोमीटर से मेरी गाड़ी यहां तक लेकर आए हैं, कह रहे हैं साइड में लगा दो। ये साहब हैं… साहब, नाम क्या है आपका?
आरटीओ इंस्पेक्टर: जो तेरे बाप का नाम है वही मेरा नाम है!
ड्राइवर: तेरे बाप का जो नाम है, यह बोलने का क्या मतलब हुआ?
आरटीओ इंस्पेक्टर: हां, वही नाम है मेरा!
ड्राइवर: सभी को यही बोलते हो?
आरटीओ इंस्पेक्टर: हां, तू है कौन? यह तो ड्राइवर ही नहीं है, पता नहीं कौन है। ड्राइवर से बात हो रही है हमारी। (इसके बाद थप्पड़ मारने की तेज आवाज सुनाई देती है)
आरटीओ इंस्पेक्टर: ड्राइवर है क्या तू!
ड्राइवर: बदतमीजी किसके साथ कर रहे हो?
आरटीओ इंस्पेक्टर: भगाओ इसको… कौन है ये? पीसीआर बुलाओ यार, लूटपाट कर रहा है यह! वीडियो में मौजूद एक युवक यह भी कहते हुए सुनाई देता है- “ये अधिकारी हैं, कुछ भी कर सकते हैं।” इंस्पेक्टर बार-बार हाईवे किनारे मौजूद रेस्टोरेंट संचालक से कहता दिखाई देता है- “कौन है यह… इसे भगाओ यहां से… लूटपाट कर रहा है, पता नहीं कौन है!” ड्राइवर बार-बार सिर्फ एक बात कहता है- “मैंने तो सिर्फ यह पूछा है कि आपका नाम क्या है।” इसके बाद वीडियो में रेस्टोरेंट संचालक भी ड्राइवर को हटने के लिए कहता दिखाई देता है। किस इंस्पेक्टर का नाम आया सामने? वीडियो में दिख रहा अधिकारी आरटीओ सेकेंड के इंस्पेक्टर तनसुख टांक बताए जा रहे हैं। ड्राइवर और एसोसिएशन का सवाल है कि अगर वीडियो में स्पष्ट रूप से टांक दिखाई दे रहे हैं, तो उन्होंने पहले अपना नाम बाबूलाल क्यों बताया और फिर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल क्यों किया? एसोसिएशन ने विरोध जताया ड्राइवर एसोसिएशन ने पूरे प्रकरण पर कड़ा विरोध जताया है। एसोसिएशन का कहना है- आरटीओ दस्ता भारी वाहन चालकों के साथ आए दिन अभद्रता करता है। गाड़ियों को अनावश्यक रूप से रोकना, गलत भाषा में बात करना और धमकाना आम बात हो चुकी है। विभाग को इस इंस्पेक्टर और संबंधित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं इस पूरे मामले को लेकर परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि मामला देर शाम उनकी जानकारी में आया है और इसकी जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *