छिंदवाड़ा में रात का पारा 9.4 डिग्री पर लुढ़का:24 घंटे में 3 डिग्री की गिरावट; सुबह छाया कोहरा, विजिबिलिटी घटी

छिंदवाड़ा में एक सप्ताह की राहत के बाद मौसम ने यू-टर्न ले लिया है। उत्तरी हवाओं के सक्रिय होने से शनिवार की रात जिले का तापमान 10 डिग्री के नीचे फिसलकर 9.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। नवंबर के आखिरी दिनों में बढ़ी इस ठिठुरन ने लोगों को अभी से दिसंबर जैसी कड़ाके की सर्दी का एहसास करा दिया है। रविवार की सुबह जिले के कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा। इस वजह से विजिबिलिटी सिमटकर एक से डेढ़ किलोमीटर तक रह गई। सुबह-सुबह सड़कों पर वाहनों की रफ्तार कम दिखी और लोग गर्म कपड़ों में लिपटे हुए नज़र आए। पाकिस्तान और राजस्थान में बने सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान की ओर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान में बने चक्रवाती घुमाव ने प्रदेश के मौसम को प्रभावित किया है। इन दोनों सिस्टमों के चलते हवाओं की दिशा उत्तरी हो गई है, जिससे तापमान में यह अचानक गिरावट आई है। दिन का पारा भी सामान्य से नीचे
शनिवार शाम से ही चली ठंडी हवाओं ने रातभर कंपकंपी का अहसास कराया। वहीं, दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। शनिवार का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में कम है। अगले दो दिन शीतलहर, दिसंबर में बढ़ेगी ठंड
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी हवाएं कुछ दिनों तक इसी तरह सक्रिय रहेंगी। आगामी दो दिनों तक शीतलहर का प्रभाव बना रहेगा। इसके बाद दिसंबर में तापमान और गिर सकता है, जिससे भीषण ठंड का दौर शुरू हो सकता है। ऊँचाई वाले इलाकों में पारा तेजी से नीचे जाने की संभावना है। बुजुर्गों और हार्ट पेशेंट्स को सावधानी की सलाह
बढ़ती ठंड के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि ठंडी हवा का सीधा प्रभाव इम्यूनिटी और हृदय पर पड़ता है। इसलिए रात के समय बाहर निकलते वक्त गर्म कपड़े पहनें और पौष्टिक व गर्म भोजन, सूप और काढ़े का सेवन करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *