छतरपुर में अवैध मदिरा के उत्पादन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान बिजावर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 6 लाख रुपये की कच्ची शराब और महुआ लाहन नष्ट की गई। इस मामले में 5 प्रकरण भी दर्ज किए गए। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर शनिवार को आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम कंजरपुर के जंगलों में दबिश दी। टीम ने अवैध शराब बनाने के कई डेरे पकड़े और उन्हें तबाह किया। 4800 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया
इस कार्रवाई में लगभग 4800 किलोग्राम महुआ लाहन, मदिरा बनाने की भट्टियां और 55 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई। इन पर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त और नष्ट की गई सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 5 लाख 80 हजार रुपये है। जिले में लगातार चल रहे अभियान से प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध शराब बनाने और बेचने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


