सतना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को रिलायंस रिटेल स्टोर और पतंजलि स्टोर पर दबिश दी। इस दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की जांच की और घी, तुअर दाल, मिलेट्स, शहद सहित कई उत्पादों के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान रिलायंस रिटेल स्टोर में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट का उल्लंघन पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अभिषेक बिहारी गौड़, शीतल सिंह और अशोक कुर्मी ने पाया कि गैर-खाद्य श्रेणी का पूजा का घी, खाने योग्य घी के साथ रखा गया था, जिससे ग्राहकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती थी। इसके अतिरिक्त, खाद्य सामग्री का भंडारण शौचालय के पास किया गया था, जिसे स्वास्थ्य की दृष्टि से गंभीर माना जाता है। स्टोर संचालक एफएसएसएआई के निर्धारित आवश्यक दस्तावेज और रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। लैब टेस्ट के लिए भेजे प्रोडक्ट
यह भी उल्लेखनीय है कि सितंबर 2024 में भी रिलायंस रिटेल में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच की थी। उस समय लिए गए कुछ खाद्य सामग्रियों के नमूने लैब टेस्ट में अमानक पाए गए थे। इस संबंध में स्थानीय एडीएम कोर्ट में एक मामला पहले से ही चल रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पतंजलि चिकित्सालय (स्टोर) में भी कार्रवाई की। हाल ही में विभिन्न स्थानों पर पतंजलि गाय के घी के अमानक पाए जाने की खबरों के मद्देनजर यह जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अधिकारियों ने यहां पतंजलि गाय का घी, पतंजलि शहद और अन्य खाद्य उत्पादों के नमूने एकत्र किए। जब्त किए गए सभी नमूनों को आगे की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।


