11 नई राशन दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू:12 दिसंबर तक कर सकते हैं अप्लाई, RSCIT पास होना अनिवार्य

झालावाड़ जिले की तहसील पचपहाड़, गंगधार, पिड़ावा, झालरापाटन और खानपुर में उचित मूल्य की नवसृजित राशन दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला रसद अधिकारी देवराज रवि ने बताया कि कुल 11 दुकानों के लिए पात्र और इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए जा रहे हैं। इनमें पचपहाड़ ग्रामीण की गुढ़ा प्रथम, भवानीमंडी शहर की वार्ड नंबर 18 (महिला आरक्षित), गंगधार ग्रामीण की रनायरा प्रथम, पिड़ावा ग्रामीण की रामपुरिया द्वितीय और झालरापाटन शहर की वार्ड नंबर 17 (महिला आरक्षित) शामिल हैं। इसके अलावा झालावाड़ शहर की वार्ड नंबर 6, 8 और 25, खानपुर शहर की वार्ड नंबर 3 तथा खानपुर ग्रामीण की मऊबोरदा द्वितीय (महिला आरक्षित) और दहीखेड़ा द्वितीय की दुकानें भी सूची में शामिल हैं। आवेदन पत्र जिला रसद अधिकारी कार्यालय से 100 रुपए का पोस्टल ऑर्डर जमा करवाकर 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक कार्यालय समय में प्राप्त किए जा सकेंगे। निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन 12 दिसंबर तक जिला रसद अधिकारी कार्यालय में जमा कराना होगा। आवेदक के लिए कुछ पात्रता मानदंड भी तय किए गए हैं। आवेदक उसी पंचायत क्षेत्र या शहरी क्षेत्र के उसी वार्ड का निवासी होना चाहिए। शैक्षणिक योग्यता स्नातक उत्तीर्ण निर्धारित की गई है, जबकि स्नातक आवेदक उपलब्ध न होने पर 12वीं उत्तीर्ण पर भी विचार किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि तक आवेदक की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। ये योग्यता होना जरूरी कंप्यूटर शिक्षा के लिए आरएससीआईटी/आरकेसीएल या समकक्ष सरकारी मान्यता प्राप्त संस्थान का प्रमाणपत्र अनिवार्य किया गया है। चयन के बाद 8 माह के भीतर आरएससीआईटी उत्तीर्ण करना होगा। इसके साथ ही एक लाख रुपये का हैसियत प्रमाण पत्र तहसीलदार से प्रस्तुत करना जरूरी होगा। आवंटन प्रक्रिया दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी। विस्तृत दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट food.rajasthan.gov.in तथा जिला कलेक्टर की वेबसाइट jhalawar.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध हैं। साथ ही जिला रसद अधिकारी कार्यालय में भी अवलोकन किए जा सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *