मुरैना में शादी समारोह में फायरिंग और मारपीट:ग्वालियर से आए पिता-पुत्र गंभीर घायल, महिलाएं भी आपस में भिड़ीं; वीडियो सामने आया

मुरैना के माता बसैया थाना क्षेत्र के काजी बसई गांव में शुक्रवार को एक शादी समारोह में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने पहले बंदूक से गोलियां चलाकर दहशत फैलाई, फिर लाठियों से दूसरे पक्ष की मारपीट कर दी। इस हमले में दो लोग (पिता-पुत्र) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने घायल पक्ष की शिकायत पर 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। काजी बसई गांव मुसलमानों की एक बड़ी पंचायत है, जहां लगभग सभी एक-दूसरे के रिश्तेदार हैं। अंगदनगर ग्वालियर निवासी शाहिदउल्ला अपने पिता सलामउल्लाह के साथ शुक्रवार (26 नवंबर) को अपने गांव काजी बसई में भतीजे की ससुराल में शादी में शामिल होने आए थे। इसी शादी में गांव का मोहम्मद जबर अली भी अपने परिवार के साथ शामिल हुआ था। गाली देने से रोका तो घर से लाया बंदूक
शाहिदउल्ला के परिवार से मोहम्मद जबर अली की पुरानी रंजिश चली आ रही थी। जैसे ही जबर अली ने शाहिदउल्ला और उसके परिवार को देखा, उसने गालियां देना शुरू कर दिया। जब वहां मौजूद लोगों ने उसे रोका, तो वह अपने घर गया और बंदूक लेकर आ गया। पहले फायरिंग, फिर लाठियों से तोड़े हाथ-पैर
आरोपी ने पहले हवाई फायरिंग कर शादी में दहशत फैलाई। इसके बाद उसके परिजन रियाज मोहम्मद, शहजाद मोहम्मद, काजिम मोहम्मद, अनवर मोहम्मद और अन्य लोग वहां आ गए। इन सभी ने मिलकर शाहिदउल्ला और उसके पिता की लाठियों से बेरहमी से मारपीट कर दी। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। महिलाओं के बीच भी हुई मारपीट
शादी में हुए इस बवाल के दौरान आरोपी पक्ष की महिलाओं ने पीड़ित पक्ष की महिलाओं को भी पीटा। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में आरोपी घर से बंदूक ले जाते हुए दिख रहा है, जिसे पड़ोसी ने रिकॉर्ड किया है। वहीं, महिलाओं के बीच विवाद का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने 6 पर दर्ज किया केस
माता बसैया थाना प्रभारी अरुण कुशवाह के अनुसार, दोनों पक्ष काजी बसई गांव के ही हैं, लेकिन घायल पक्ष ग्वालियर से आया था। पुरानी रंजिश के चलते विवाद गरमाया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तरफ से 6 नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही इस्तेमाल किए गए हथियार के लाइसेंस की भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *