मेले में बवाल के बाद पुलिस अलर्ट:सादे कपड़ों में कोतवाली SHO ने किया निरीक्षण, बोले-गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई

धौलपुर शहर कोतवाल हरेंद्र सिंह ने मेले में हुए विवाद के बाद शनिवार रात को शरद महोत्सव मेले का सादे कपड़ों में दौरा किया। उनका उद्देश्य मेले में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखना था। बता दें, शुक्रवार रात को झूला झूलने आए कुछ युवकों की बाउंसरों ने पिटाई कर दी थी। घटना के बाद सीओ सिटी और कोतवाली पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। निरीक्षण के दौरान कोतवाल हरेंद्र सिंह के साथ सादे कपड़ों में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। टीम ने मेले में प्रवेश से लेकर निकलने तक की सभी गतिविधियों का अवलोकन किया और दुकानदारों व झूला संचालकों से सीधे बातचीत की। इस दौरान कोतवाल ने उन्हें किसी भी तरह की परेशानी या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए। कोतवाल ने बीती रात की घटना को लेकर मेले में तैनात सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी से तैनात रहें और किसी भी उपद्रव की स्थिति में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें। उल्लेखनीय है कि हाल ही में एसपी द्वारा जारी तबादला सूची में हरेंद्र सिंह को शहर कोतवाल नियुक्त किया गया था, जिसके बाद यह उनका पहला बड़ा निरीक्षण था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *