शाजापुर में ड्राइवर पर चाकू से हमला:तीन आरोपियों पर मारपीट और तोड़फोड़ का केस दर्ज

शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ड्राइवर पर चाकू से हमला और मारपीट का मामला सामने आया है। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की गई। फरियादी धर्मेन्द्र खिंची (30) निवासी दिल्लोद की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। धर्मेन्द्र ने पुलिस को बताया कि हाल ही में 29 नवंबर को उनका डंपर खराब हो गया था। वह मोटरसाइकिल से शाजापुर से लाडावद की ओर ऑयल और फिल्टर लेने जा रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे लाहोरी बल्डे किन्नरों के माताजी मंदिर के पास सांपखेड़ा निवासी जितेन्द्र बंजारा, अर्जुन बंजारा और राहुल बंजारा ने उन्हें रोका और ऑयल मांगने लगे। जब धर्मेन्द्र ने ऑयल देने से मना किया, तो तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जितेन्द्र ने अपनी जेब से चाकू निकालकर धर्मेन्द्र पर हमला कर दिया। इस हमले में धर्मेन्द्र के सीधे हाथ की उंगलियों में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। अर्जुन और राहुल ने भी धर्मेन्द्र के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके सीने और पीठ में चोटें आईं। आरोप है कि अर्जुन ने मौके पर पड़ी एक लकड़ी का इस्तेमाल कर धर्मेन्द्र की सुपर स्प्लेंडर बाइक में भी तोड़फोड़ की। घटना के दौरान गांव के राजपाल सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। जाते समय, आरोपियों ने धर्मेन्द्र को जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे जानकारी देते हुए बताया कि डंपर चालक के साथ तीन लोगों ने मारपीट की है। फरियादी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *