रीवा में 50 फीट गहरे कुएं में गिरी गाय:SDERF ने रात 1 बजे किया रेस्क्यू; अंदर मिले 2 सांप, जान जोखिम में डालकर बाहर निकाला

रीवा के गंगेव अंतर्गत ग्राम बेलवा बडगय्यांन में बीती रात एक गाय 50 फीट गहरे कुएं में गिर गई। यह गाय स्थानीय निवासी अनीता रावत की थी। सूचना मिलते ही SDERF (स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम मौके पर पहुंची। कुएं के अंदर सांप होने के बावजूद टीम ने अदम्य साहस दिखाते हुए रात 1 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना देर रात उस समय हुई जब अनीता रावत की गाय घर के पास स्थित पुराने शासकीय कुएं की ओर चली गई और अचानक उसमें गिर गई। यह कुआं कई वर्षों से उपयोग में नहीं था। स्थानीय लोगों द्वारा इसमें लगातार कचरा डाला जाता रहा है, जिससे इसकी स्थिति और अधिक खतरनाक और जर्जर हो गई थी। कुएं में दिखे 2 सांप, रात 1 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन
सूचना मिलते ही SDERF टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले कुएं की गहराई, संरचना और भीतर मौजूद गैस की जांच की। शुरुआती निरीक्षण में कुएं के अंदर दो सांप दिखाई दिए, जिसके कारण रेस्क्यू और भी चुनौतीपूर्ण हो गया। तमाम जांच के बाद रात 1 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। गंदगी और कम जगह के बीच कड़ी मशक्कत
रस्सियों और सुरक्षा उपकरणों की मदद से टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई की और गाय को बाहर निकाला। पूरी प्रक्रिया में टीम ने कुएं की गंदगी, कचरे और सीमित जगह के कारण कई तकनीकी समस्याओं का सामना किया, लेकिन अंततः गाय को सुरक्षित बचा लिया गया। प्रभारी बोले- कुएं को तुरंत बंद कराएं
रेस्क्यू पूरा होने के बाद प्रभारी उपनिरीक्षक विकास पाण्डेय ने गाय मालिक और ग्रामीणों को कुएं को तुरंत बंद कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई ऐसे पुराने कुएं और बावड़ियां अभी भी खुले पड़े हैं, जिनकी समय–समय पर सूचना भी मिलती रहती है। खुले कुओं से बढ़ रहा हादसों का खतरा
इन खुले कुओं में गिरकर पशुओं और बच्चों के घायल होने या दुर्घटना का शिकार होने की घटनाएं लगातार सामने आती हैं। ग्रामीण इलाकों में ऐसे कुओं को बंद या सुरक्षित घेराबंदी कराने के लिए प्रशासन द्वारा कई बार निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन कई स्थानों पर अभी भी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने भी खुले कुओं और बावड़ियों के कारण बढ़ते खतरे पर चिंता जताई और इन्हें सुरक्षित करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *