दुर्ग-भिलाई कांग्रेस जिला अध्यक्षों की पहली प्राथमिकता:400 यूनिट बिजली फ्री, सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सड़क तक लड़ी जाएगी लड़ाई

लंबे इंतजार के बाद दुर्ग शहर, भिलाई और दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई। संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं की राय और सर्वसम्मति से चुने गए इन तीनों अध्यक्षों ने पदभार मिलते ही अपनी प्राथमिकताओं और लड़ाई की दिशा स्पष्ट की। तीनों ही अध्यक्षों ने कहा कि प्रदेश में चल रही भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अब सड़क से लेकर हर मंच तक संघर्ष तेज किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस शासनकाल में दी जाने वाली 400 यूनिट फ्री बिजली को फिर से लागू करवाना उनकी पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता होगी। भिलाई जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर: संगठन को मजबूती देंगे भिलाई में जिला अध्यक्ष बनाए गए मुकेश चंद्राकर ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन पर दूसरा भरोसा जताया है, इसे वो टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्हें यह जिम्मेदारी मिली थी और इस बार भी वे संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक मजबूती से काम करेंगे। चंद्राकर ने कहा कि भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष ने जो विश्वास किया है, वे उस पर खरा उतरेंगे और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कांग्रेस की ताकत को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे। दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल: 400 यूनिट बिजली फ्री हमारी बड़ी लड़ाई दुर्ग शहर कांग्रेस के नए अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं द्वारा चुना जाना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही उनकी ताकत हैं और उनकी पहली प्राथमिकता संगठनात्मक मजबूती होगी। बाकलीवाल ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में 400 यूनिट तक बिजली फ्री दी जाती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने विरोध दबाव के बाद इसे 200 यूनिट पर सीमित कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस 400 यूनिट तक बिजली फिर से फ्री करवाने के लिए बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। साथ ही किसानों, आम आदमी और जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा जाएगा। दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर: सड़क पर लड़ाई जारी रहेगी दुर्ग ग्रामीण के नए जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि पहली नियुक्ति के बाद से ही वे सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सड़क पर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोट चोरी कर सरकार बनाई, जिससे कार्यकर्ताओं में निराशा थी। मैंने पहले कार्यकाल में कार्यकर्ताओं में फिर से जोश भरा। अब संगठन सृजन अभियान और पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर दोबारा भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि वे लगातार संघर्ष करते रहे हैं और लड़ाई आगे और तेज होगी। भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन अब और मजबूत किया जाएगा। तीनों जिला अध्यक्ष के लिए मिले थे सैकड़ों आवेदन कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सृजन अभियान के माध्यम से जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया अपनाई गई। इसको लेकर दुर्ग, भिलाई और दुर्ग ग्रामीण में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष बनने के लिए आवेदन किया था। सबसे ज्यादा आवेदन भिलाई में मिले थे। हालांकि यहां पर मुकेश चंद्राकर को ही दोबारा मौका मिला है। नामों की घोषणा के बाद ही अब कांग्रेस ने एक बार फिर जिला इकाइयों में नई ऊर्जा और कार्यकर्ता-आधारित नेतृत्व को आगे बढ़ाया है। तीनों जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद प्रदेश कांग्रेस ने संकेत साफ कर दिए हैं कि आने वाले महीनों में सड़क से लेकर विधानसभा तक भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष और तेज होगा। 400 यूनिट बिजली फ्री समेत जनहित के मुद्दे कांग्रेस के आंदोलन का मुख्य आधार रहेंगे। …………………. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने की रेस…दुर्ग-भिलाई में 100 आवेदन: दुर्ग-शहर में धीरज, ग्रामीण में राकेश, भिलाई में मुकेश की दावेदारी मजबूत; पुराने चेहरे रिपीट हो सकते हैं कांग्रेस में दुर्ग-भिलाई के नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया अब आखिरी दौर में है। दुर्ग ग्रामीण से राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर से धीरज और भिलाई शहर से मुकेश चंद्राकर सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि इस बार कार्यकर्ताओं में अध्यक्ष पद को लेकर खास उत्साह नहीं दिख रहा। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *