मुंगेली | मुंगेली में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई गई एक कार ने दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जयराम साहू (निवासी रामगढ़) ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 नवंबर को श्रीश्री प्यूल्स, करही के सामने मेन रोड पर कार क्रमांक सीजी 28 ई 7127 के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके बेटे खुमेश साहू और भतीजे लेखचंद साहू को टक्कर मार दी। इस दौरान गंभीर चोट आने पर दोनों को तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद खुमेश साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लेखचंद साहू (पिता उत्तम साहू) के दाहिने पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 517/2025 के तहत धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने तत्काल घटना कारित करने वाली कार और उसके चालक को हिरासत में लिया है। मृतक खुमेश साहू का शव पंचनामा कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


