बुरहानपुर पुलिस ने रविवार को तीन चोरी की वारदातों में शामिल एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से एक हस्तनिर्मित देशी पिस्टल भी बरामद की गई है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, 8 फरवरी 2024 को ग्राम तुकईथड़ सोसायटी के सामने से 96,000 रुपए से भरा एक बैग चोरी हुआ था। इसके बाद, 15 मार्च 2024 को ग्राम तुकईथड़ से ही कपड़ों का एक बैग चुराया गया। तीसरी घटना 13 अप्रैल 2024 को ग्राम डोईफोड़िया में एक व्यापारी की दुकान से हुई, जहां 2 लाख रुपए से भरा बैग चोरी कर लिया गया था। इन तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की थी। एक के बाद एक हुई इन वारदातों के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि ग्राम तुकईथड़ और ग्राम डोईफोड़िया की चोरियों में एक ही बाइक का इस्तेमाल किया गया था, जिसे बाद में ग्राम धाबा के जंगल में लावारिस छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी अभिषेक जाधव और आरक्षक मंगल पालवी ने तकनीकी रिकॉर्ड और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके
इस मामले में 25 जून 2024 को गोरेलाल पिता छगन, रोहिल पिता नाना और विकास पिता नहारसिंह को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी शेरू पिता प्यारसिंह भिलाला निवासी जामनिया घटना के दिन से ही फरार चल रहा था। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी शेरू ग्राम तुकईथड़ की तरफ से अपने गांव जामनिया जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसे धरदबोचा। पूछताछ में आरोपी शेरू ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राम तुकईथड़ में दो चोरी और ग्राम डोईफोड़िया में मक्का व्यापारी की दुकान से रुपए भरा बैग चोरी करने की बात कबूल की। उसने यह भी बताया कि ग्राम तुकईथड़ में हुई एक चोरी की वारदात में पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था। आरोपी की निशानदेही पर एक हस्तनिर्मित देशी पिस्टल जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी शेरू को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका रिमांड प्राप्त किया है। पुलिस अब उससे अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों और अवैध पिस्टल के संबंध में पूछताछ कर रही है।


