जबलपुर से डिंडौरी जा रही तेज रफ्तार यात्रियों से भरी बस ओएफके अस्पताल के पास रविवार शाम अचानक ही पलट गई। घटना की जानकारी लगते ही रांझी और खमरिया थाना पुलिस के साथ सीएसपी मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया। दुर्घटना में दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। खमरिया थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक बस चलाने का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। रांझी सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि प्राइवेट कंपनी की हरी रंग की बस एमपी 20 पीए 0914 शाम करीब साढ़े तीन बजे जबलपुर से डिंडोरी तरफ जा रही थी। जैसे ही OFK अस्पताल पहुंची तभी तेज रफ्तार होने से सड़क किनारे जाकर पलट गई। बस से चीख पुकार सुनते ही, खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 की मदद से OFK अस्पताल और जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया। सीएसपी ने बताया कि बस में करीब 20 यात्री सवार थे, सभी का इलाज जारी है। घायलों के विषय में पता लगाया जा रहा है। घायलों के नाम और पता की जानकारी ली जा रही है।


