मंडला जिले के रंगरेज घाट क्षेत्र में रविवार को नर्मदा नदी में एक अधेड़ का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय निवासियों ने शव देखकर तत्काल कोतवाली पुलिस और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (SDERF) टीम को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसडीओपी पीयूष मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान और SDERF की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। SDERF की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला और कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुमान के अनुसार, व्यक्ति की उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष के बीच है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।


