अजमेर की भिनाय थाना पुलिस ने गांव बगराई में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले डकैत धनसिंह व हथियार उपलब्ध करवाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से मामले में पूछताछ में जुटी है। बता दे की प्रदेश के टॉप 25 बदमाशों में शामिल डकैत धनसिंह को 28 दिन पूर्व अजमेर पुलिस ने दो देशी पिस्तौल, खाली मैगजीन, 12 बोर की दो बंदूकों, जिंदा कारतूस और हेंडग्रेड के साथ गिरफ्तार किया था। धनसिंह पर लगभग 50 से ज्यादा मुकदमे प्रदेश के विभिन्न स्थानों में दर्ज है। भिनाय थाना प्रभारी अमरचंद ने बताया कि 31 जुलाई को गांव देवलिया कला निवासी अंकित ने मुकदमा दर्ज करवाया था। पीड़ित ने बताया कि 30 जुलाई को धनसिंह, भूपेंद्र सिंह और हितेंद्र सिंह ने उसे जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर पिस्टल से फायरिंग कर दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर टीम का गठन किया गया और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की खास सूचना पर पूर्व आरोपी हितेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। घटना के मुख्य आरोपी धनसिंह वारदात करने के बाद आरोपी अपनी गिरफ्तारी की डर से रिश्तेदारों व दोस्तों के पास व जंगल में फरारी काट रहे थे। 2 नवंबर को आरोपी धन सिंह को सराना थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आरोपी धनसिंह को अजमेर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में बताया कि हथियार उसे जयपुर ग्रामीण के शिवराज सिंह ने उपलब्ध करवाए थे। टीम ने कार्रवाई करते हुए जयपुर ग्रामीण नरेना निवासी शिवराज सिंह उर्फ शिव(30) को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।


