शाहनगर क्षेत्र में जहरीला पदार्थ सेवन के दो अलग-अलग मामलों में एक युवक और एक महिला की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर में प्राथमिक उपचार के बाद कटनी रेफर किया गया है। पहला मामला महगवा घाट का है, जहां 30 वर्षीय किसान अमर बहादुर सिंह खेत में कीटनाशक स्प्रे मशीन की पाइप साफ कर रहे थे। पाइप में जमी गंदगी हटाने के दौरान उन्होंने फूंक मारी, जिससे असावधानीवश थोड़ी मात्रा में कीटनाशक उनके शरीर में चला गया। कीटनाशक निगलने के बाद अमर बहादुर सिंह की हालत अचानक खराब होने लगी। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें शाहनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए किसान को जिला चिकित्सालय कटनी रेफर कर दिया गया। उल्टी होने पर पति को बताया दूसरी घटना ग्राम पंचायत हरदुआ के कूड़ो गांव में हुई। यहां 26 वर्षीय ललिता बाई, पत्नी सुखदेव सिंह, घर में अकेली थीं। तनाव में आकर उन्होंने टॉयलेट क्लीनर पी लिया। पति सुखदेव सिंह ने बताया कि जब ललिता बाई को उल्टियां होने लगीं और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब उन्हें मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें भी आगे के उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।


