सिवनी में कार से गांजे की तस्करी:बरघाट पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सिवनी जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरघाट पुलिस ने रविवार दोपहर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 880 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार जब्त की है। बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिहोरा, थाना लालबर्रा, जिला बालाघाट निवासी जियाउल हक अपनी कार से एक साथी के साथ गांजा बेचने के लिए सिवनी की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी बरघाट के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने ग्राम जेवनारा हाई स्कूल के पास मुख्य सड़क पर नाकाबंदी की। संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई। कार चालक ने अपना नाम जियाउल हक (43) बताया, जबकि उसके बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम शफीक (49) बताया। तलाशी के दौरान कार से 880 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9,000 रुपए है। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ललित गठरे के मार्गदर्शन में निरीक्षक मोहनीश सिंह बैस, सहायक उपनिरीक्षक लुपेश राहंषडाले, आरक्षक उमेन्द्र, संजू, राजेन्द्र राजपूत और चंद्रदीप हिवारे शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *