भास्कर न्यूज | पेण्ड्रा जीपीएम जिले में इस वर्ष नवंबर माह में ठंड ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मैकल पर्वत शृंखला की तराई में स्थित होने के कारण जीपीएम में कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। शनिवार की सुबह 5:30 बजे पेण्ड्रारोड मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर-पूर्वी दिशा से आ रही शुष्क और ठंडी हवाओं के कारण दिनभर गलन महसूस की गई, जिससे लोगों को दिन में भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। जिले के सबसे ऊंचे पर्यटन स्थल राजमेढ़गढ़ और अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगर शीत लहर इसी तरह जारी रही तो दिसंबर और जनवरी में ठंड और बढ़ सकती है। शीत ऋतु में संभावित शीतलहर और अत्यधिक ठंड के जोखिमों से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, जिले में आवश्यक सावधानियां अपनाने और जन जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। शीतलहर से बचाव एवं उपाय के लिए डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडेय को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आपात स्थिति या राहत संबंधी जानकारी के लिए आम नागरिक जिला नोडल अधिकारी के मोबाइल-व्हाट्सएप नंबर 7869649251 पर संपर्क कर सकते हैं। तहसील स्तर पर संबंधित तहसीलदारों को भी नोडल अधिकारी बनाया गया है। रैन बसेर की व्यवस्था करें: कलेक्टर लीना कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने नागरिकों से अपील की है कि वे ठंड से सतर्कता बरतें और मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट का पालन करें। प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, बच्चे व बीमार लोग विशेष सावधानी बरतें। खुले में आग जलाने से परहेज करें और सुरक्षित तरीकों से ही गर्माहट प्राप्त करें। आश्रयहीन लोगों के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर राहत व बचाव कार्यों को तैयार रखने में जुटा है।


