रेवाड़ी में एक युवती से 17 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के चंदन नगर निवासी इस्लाम खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रेवाड़ी के पत्थर घटी बाजार निवासी एक युवती, जो एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है, ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसे 15 नवंबर 2024 को एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उसे बताया कि उसका 96 हजार रुपए का प्रीपेड पार्सल ड्रग पाए जाने के कारण रिजेक्ट हो गया है। युवती ने जब यह पार्सल अपना होने से इनकार किया, तो कॉलर ने उसकी सभी डिटेल्स पार्सल में होने का दावा किया और कहा कि वह इसे अपना होने से मना नहीं कर सकती। इसके बाद आरोपी ने कॉल को ‘साइबर सेल’ में ट्रांसफर करने की बात कहकर किसी अन्य व्यक्ति से बात कराई। उसे पार्सल में ड्रग होने का डर दिखाकर स्काईप ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया। ऐप के जरिए उसके बैंक और अन्य व्यक्तिगत विवरण हासिल किए गए। आरोपियों ने उसे लगातार ऐप के माध्यम से कॉल पर उलझाए रखा और उसके बैंक खाते में मौजूद बैलेंस के बारे में जानकारी ली। युवती को उसके बैंक खातों से गैरकानूनी लेनदेन होने का डर भी दिखाया गया। उसके बैंक खाते में शुरुआत में 1.60 लाख रुपए थे। आरोपियों ने ऐप के जरिए उसके बैंक से लगभग 16 लाख रुपए का पर्सनल लोन पास करवाकर उसके खाते में जमा करा दिया। इसके बाद उसके खाते से कुल 17 लाख रुपए से अधिक की राशि निकाल ली गई। इस मामले में साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के बाद पुलिस ने संलिप्त आरोपी इस्लाम खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार ठगी की गई राशि में से 10 लाख रुपए इस्लाम खान के खाते में ट्रांसफर हुए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।


