हिंदू कॉलेज में ‘आरोहण-2025’: 30 स्कूलों के 500 स्टूडेंट्स ने दिखाए हुनर

भास्कर न्यूज | अमृतसर हिंदू कॉलेज अमृतसर में प्रबंधकीय समिति के अध्यक्ष प्रदीप मेहरा और सचिव आरके गुप्ता के निर्देशन में ‘आरोहण-2025’ इंटर-स्कूल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में आईएएस रोहित गुप्ता (एडीसी, अमृतसर) मुख्यातिथि, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी राजेश शर्मा और रीना जेटली (इंडिपेंडेंट डायरेक्टर, ओएनजीसी) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राकेश कुमार ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा ही संस्थानों की वास्तविक पहचान है। उन्होंने इस आयोजन को ‘शिक्षा, सृजन और संस्कारों का सुंदर संगम’ बताया। प्रतियोगिताओं में लगभग 30 स्कूलों के कुल 500 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने सांस्कृतिक (मिमिक्री, नृत्य, गायन), साहित्यिक (कविता, वाद-विवाद) और रचनात्मक कला प्रतियोगिताओं (पोस्टर मेकिंग, मेहंदी, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट) के साथ-साथ बैडमिंटन और शतरंज जैसे खेलों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यातिथि रोहित गुप्ता ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ‘आरोहण-2025′ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सफल प्रयास साबित हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *