पूजा सामग्री की दुकानों में खरीदारी करने पहुंचे भक्त, ऊन की कीमत बढ़ने से वस्त्र हुए महंगे

भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में दिन के समय धूप निकल रही है, लेकिन अब रातें ठंडी होनी शुरू हो गई हैं। तापमान में आई गिरावट से बचने के लिए आम लोग जैकेट और स्वेटर पहनने लगे हैं। इसी बढ़ती ठंड के साथ पूजा सामग्री की दुकानों पर भी बदलाव देखने को मिल रहा है। पूजा सामग्री की दुकानों पर अब देवी-देवताओं के वूलन के वस्त्रों समेत अन्य सामान आ गया है। दुकानों पर वूलन के कंबल, रजाई, तलाई, नाइट सूट, इनर, टोपी, जुराब, कंबल शॉल और गर्म बिस्तर भी आ गए हैं। दुकानदार अजय शर्मा और पंकज शर्मा का कहना है कि पहले के मुकाबले इस बार देवी-देवताओं की वूलन वाले वस्त्र थोड़े महंगे हो गए हैं। क्योंकि पिछले साल वूलन का रेट 1800 रुपए था जो बढ़कर 2000 हो गया है। इसी वजह से जीरो नंबर से लेकर 15 नंबर तक के देवी-देवताओं के ठंड के वस्त्रों का रेट थोड़ा बढ़ गया है। दुकानदारों का कहना है कि अपने इष्टदेव को सर्दी से बचाने को लोग दुकानों में आकर देवी-देवताओं के गर्म कंबल, जुराबें, टोपी और सूट की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदार अजय शर्मा के अनुसार वैसे तो ठाकुर जी की गर्म पोशाक का रेट अलग-अलग है। जिसमें जीरो नंबर के 30 रुपए, एक नंबर के 40, दो नंबर के 50, तीन नंबर के 70, चार नंबर के 80, 5 नंबर के 100 और 6 नंबर के 150 के वूलन वस्त्र हैं। वहीं सात नंबर के 180 से 250 रुपए तक 9 नंबर के 320 से 370, 10 नंबर के 450 से 550 और 15 नंबर के देवताओं के वस्त्र का रेट 1000 से 1200 तक पहुंच गया है। वहीं दुकानदार पंकज शर्मा का कहना है कि वूलन वस्त्रों के साथ-साथ गर्म बिस्तर के साथ रजाई, तलाई और तकिए भी आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग रंगों में मिलने वाले वस्त्र के डिजाइन भी सुंदर है। जिसमें बैठकर ठाकुर जी अति सुंदर लगते हैं। पिछले साल इन वूलन वस्त्र के रेट 5 से लेकर 200 रुपए कम रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *