भास्कर न्यूज | अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट खाली पड़े प्लाटों में कूड़ा फेंकने से रोकने के लिए 98 लाख रुपए से बाउंड्रीवॉल करवाने के साथ गेट भी लगवाया। ट्रस्ट चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू ने बताया कि 3 माह में काम पूरा करवा लिया जाएगा। जब तक बाउंड्रीवॉल का काम पूरा नहीं हो जाता तब तक लोगों को कूड़ा फेंकने से रोकने के लिए सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए जाएंगे। बता दें कि ट्रस्ट की ओर से अब तक 4 प्लाटों को चिन्हित किया गया है। इनमें आनंद एवेन्यू पार्क की दूसरी साइड, 6वें पातशाही गुरुद्वारा की बैकसाइड, रणजीत एवेन्यू ई-ब्लॉक आईटीआई कॉलेज के दूसरी साइड, रेडक्रॉस के सामने खाली प्लाट शामिल है। खाली पड़े प्लाटों में कूड़ा फेंकने के लिए बार-बार मना करने पर भी यदि लोग नहीं माने तो निगम की ओर से चालान काटा जाएगा। बता दें कि शहर में जगह-जगह कूड़ा होने को लेकर काफी किरकिरी निगम व ट्रस्ट की हो चुकी है। अवर्डा कंपनी के काम छोड़कर जाने के बाद से कूड़े का संकट बढ़ गया था। जिसे लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन तक शुरू कर दिया।


