भास्कर न्यूज | अमृतसर विधानसभा चुनाव 2027 को एक मिशन के रूप में लेते हुए जिला कांग्रेस की सीनियर लीडरशिप आपसी तालमेल बढ़ाने में जुट गई है। कांग्रेस के मिशन 2027 को लेकर रविवार को अमृतसर में एक बैठक की गई। बैठक में सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मंत्री डॉ. राज कुमार वेरका, पूर्व विधायक डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के अलावा पूर्व विधायक सुनील दत्ती विशेष रूप से शामिल हुए। नवजोत सिंह सिद्धू के घर में हुई बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के नवनियुक्त प्रधान सौरभ मदान मिट्ठू नदारद रहे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान जिले में विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, लोगों की समस्याओं और आगामी चुनाव पर चर्चा की। सांसद औजला ने बैठक में नेताओं से विचार विमर्श के दौरान कहा कि मिशन 2027 सिर्फ एक राजनीतिक लक्ष्य नहीं, बल्कि जनता के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और दीर्घकालिक विकास योजनाओं को गति देने का प्रयास है। डॉ. राज कुमार वेरका ने कहा कि जनता के मुद्दों को सीधे सुनकर उनके समाधान की पहल करना मिशन 2027 का मुख्य उद्देश्य है। वहीं, डा. नवजोत कौर सिद्धू ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने, महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिक फोकस बताया। इस दौरान सभी नेताओं ने एक-दूसरे को आश्वासन दिया कि वे आने वाले समय में एक टीम की तरह लगातार जनता के बीच जाएगी, उनकी समस्याएं सुनेगी और मिशन 2027 के लिए जमीनी स्तर पर मजबूत योजना तैयार की जाएगी। बैठक को क्षेत्र के लिए सकारात्मक और भविष्य को दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस समय जिले की कांग्रेस पार्टी कई गुटों में बंटी हुई है। इतना ही नहीं, नवनियुक्त जिला शहरी प्रधान सौरभ मदान मिट्ठू को सीनियर लीडरशिप की ओर से नजरअंदाज किया जा रहा है।


