शहर में फैली गंदगी का अनोखा विरोध…:भाजपा ने कूड़े के ढेर पर लगाया सेल्फी प्वाइंट का बोर्ड

अमृतसर | शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर रविवार को भाजपा ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा अमृतसर स्पोर्ट्स सेल के पूर्व प्रधान मनराज सिंह छीना ने हलका ईस्ट की आप विधायक जीवनजोत कौर के दफ्तर के पास लगे कूड़े के ढेर पर सेल्फी प्वाइंट के बोर्ड लगा दिए। मनराज छीना ने वहां खुद सेल्फी भी ली। इस अवसर पर भाजपाइयांे ने कहा कि विधायक अपने दफ्तर के बाहर कूड़ा नहीं हटवा सकतीं तो शहर की सफाई की उम्मीद क्या की जा सकती है। सीएम भगवंत सिंह मान की ओर से हाल ही में अमृतसर को “पवित्र शहर’ घोषित करने पर भी छीना ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीएम बड़े-बड़े ऐलान करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। पवित्र शहर की बात करने से पहले साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को सुधारना चाहिए। अमृतसर एक अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल है और यहां हर साल लाखों सैलानी आते हैं मगर शहर में फैली गंदगी छवि धूमिल कर रही है। भाजपा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पूरे ईस्ट हलके में इसी तरह के ‘सेल्फी प्वाइंट’ के बोर्ड लगाकर विरोध जारी रखा जाएगा। वहीं मामला सुर्खियों में आने के बाद नगर निगम हरकत में आया। निगम की टीम शाम करीब 5 बजे कूड़ा और सेल्फी प्वाइंट का बोर्ड उठाकर ले गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *