सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर नवोदय स्कूल में निमोनिया से छात्र की मौत के बाद प्राचार्य को हटा दिया गया है। छात्रों और ग्रामीणों के आंदोलन के बाद प्रबंधन ने हॉस्टल की साफ-सफाई के लिए 8 लाख रुपए मंजूर किए हैं। फिलहाल प्रदीप झा को प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है। बेलगहना निवासी हर्षित यादव, पिता जयप्रकाश यादव, नवोदय विद्यालय मल्हार में कक्षा 10वीं का छात्र था। 22 नवंबर को तबीयत खराब होने पर उसके पिता उसे बाइक से लेकर बिलासपुर आए। हर्षित को निमोनिया हुआ था और वह हॉस्टल में गंभीर हालत में पड़ा था। परिजन का आरोप है कि प्रबंधन को कई बार गुहार लगाने के बावजूद छात्र को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था नहीं कराई गई, जिसके कारण उन्हें उसे बाइक से ही ले जाना पड़ा। अगले दिन सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्र के पिता ने नवोदय प्रबंधन पर बीमारी के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना है कि हॉस्टल में खिड़की-दरवाजे तक नहीं हैं । इसी मुद्दे को लेकर नवोदय के छात्र और ग्रामीणों ने मिलकर आंदोलन किया था और प्राचार्य को हटाने की मांग की थी। एससी लेखराज मीणा ने बताया कि प्राचार्य को हटा दिया गया है और हॉस्टल की साफ-सफाई सुधारने के लिए 8 लाख रुपए स्कूल को दिए गए हैं।


