भास्कर न्यूज | नारायणपुर नारायणपुर में आयोजित पांच दिवसीय विष्णु महायज्ञ चक्र पूजा का रविवार को गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य समापन हुआ। वर्षों पुरानी इस पारंपरिक चक्र पूजा के अंतिम दिन प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस निकाला गया, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। भक्तिमय माहौल में लोग जयकारों के साथ झूमते-नाचते नजर आए और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास छाया रहा। पिछले पांच दिनों से नारायणपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में चक्र पूजा को लेकर विशेष चहल-पहल बनी हुई थी। पूजा-पंडाल में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, कथा-प्रवचन और सामूहिक भजन-कीर्तन आयोजित किए गए, जिनमें भारी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने शामिल होकर लोक-कल्याण की कामना की। समापन दिवस पर दोपहर लगभग दो बजे पंडाल से विसर्जन जुलूस की शुरुआत हुई। गाजे-बाजे की तेज धुन, ढोल-नगाड़ों की थाप और भक्तों के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। जुलूस अटल चौक, मुख्य सड़क मार्ग होते हुए जय स्तम्भ चौक तक पहुँचा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल-वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। महिलाओं का उत्साह इस जुलूस का विशेष आकर्षण रहा, जो भक्ति गीतों पर थिरकती और नृत्य करती नजर आईं। बच्चों और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे जुलूस एक सामाजिक एकजुटता और सामूहिक श्रद्धा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करता रहा।


