बोर्ड परीक्षा: अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन

भास्कर न्यूज | कोंडागांव संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग जगदलपुर द्वारा माकड़ी ब्लाक के निरीक्षण उपरांत जिला कार्यालय के सभागार में आयोजित मैराथन मंथन बैठक में प्राप्त निर्देशों के परिपालन में बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन शुरू किया गया है। विद्यार्थियों की सफलता सुनिश्चित करने और विषयगत दक्षता बढ़ाने इस पहल को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की मंशा से स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामपुर और स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामपुर के प्राचार्य अनूप विश्वास के निर्देशन में विशेष कक्षाओं की शुरुआत की गई है। इस क्रम में प्रधान अध्यापक हितेंद्र कुमार श्रीवास, शासकीय प्राथमिक शाला खुटपारा ने अंग्रेजी विषय की अतिरिक्त कक्षाएं लेकर विद्यार्थियों को लाभान्वित किया। शनिवार को बैग-लेस डे के अवसर पर आयोजित इन विशेष कक्षाओं में उन्होंने मोटिवेशनल स्पीच के साथ भाषा की मौलिक दक्षताओं पर आधारित शानदार शिक्षण प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा को लेकर व्याप्त भय और झिझक को दूर करने मातृभाषा आधारित सरल पद्धति का उपयोग किया गया, जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरोला में नियमित अध्यापन के बाद भी शिक्षक द्वय ने अपनी सेवाएं जारी रखते हुए सेजेस शामपुर और सेजेस शामपुर में भी अंग्रेजी की अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कीं। इस अवसर पर विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य संजय राठौर, व्याख्याता राठौर, व्याख्याता सहदेव सिदार तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत कर शिक्षकों के इस प्रयास की सराहना की। इन अतिरिक्त कक्षाओं से न केवल विद्यार्थियों में विषयगत समझ बढ़ी है, बल्कि बोर्ड परीक्षा को लेकर उनका आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए यह पहल अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *