भास्कर न्यूज| रायगड़ा रायगड़ा जिले के दुर्गम इलाकों में व्यापक रूप से मादक पदार्थ गांजे का अवैध खेती किया जा रहा है। इसे रोकने के लिए रविवार को कलेक्टर आशुतोष कुलकर्णी की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। एसपी स्वाती एस कुमार व गुुणुपुर उपजिलापाल दूधलाल अभिषेख दिलीप सहित विभिन्न अधिकारियों की उपस्थिति में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से ज़िले में अवैध गांजा खेती रोकने, नशा पदार्थों के अवैध व्यापार व तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना संग्रह और कार्रवाई के विषय पर चर्चा की गई। लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने, नशा-प्रभावित क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने और विकास कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया। विशेषतः ओडिशा जीविका मिशन की ओर से ऐसे इलाकों के लोगों को रोज़गार उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की गई। कृषि विभाग व उद्यान विभाग ने गांजा खेती के स्थान पर फल, मक्का व अन्य आर्थिक फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर आशुतोष कुलकर्णी ने पुलिस और आबकारी विभाग को साथ मिलकर मजिस्ट्रेटों के नेतृत्व में छापामारी अभियान चलाने की सलाह दी। साथ ही, अवैध गांजा पौधों को नष्ट करते हुए नशा-कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर ज़िला आबकारी अधीक्षक संतोष कुमार ढलसामंत, थाना प्रभारी, ज़िला मुख्य चिकित्सा व जनस्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य ज़िला कृषि अधिकारी, उद्यान विभाग, ज़िला कौशल विकास एवं रोज़गार अधिकारी सहित अन्य मौजूद थे।


