भास्कर न्यूज | अंबिकापुर खेलो इंडिया और भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के तत्वावधान में आयोजित ‘अस्मिता वूमेंस लीग सॉफ्ट टेनिस 2025′ का आयोजन 30 नवंबर को गांधी स्टेडियम स्थित लॉन टेनिस ग्राउंड में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सरगुजा जिले में पहली बार सॉफ्ट टेनिस खेल की महिला लीग का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 162 महिला खिलाड़ियों ने तीन अलग-अलग वर्गों में हिस्सा लिया। राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि अस्मिता वूमेंस लीग, खेलो इंडिया और एसएआई की एक विशेष महिला-केंद्रित पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य देश की बालिकाओं और महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करना है, जिससे उनकी खेल प्रतिभा को पहचाना जा सके और उन्हें प्रशिक्षण व सुरक्षित प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया, भाजपा किसान मोर्चा महामंत्री इंजी. सोमनाथ सिंह, एमआईसी मेंबर प्रियंका गुप्ता, वरिष्ठ महिला भाजपा नेता शकुंतला पांडेय और अरुण सिंह उपस्थित रहे। पर्यवेक्षक के रूप में रवि शंकर धनगर एवं दिलीप कुमार विश्वकर्मा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में प्रियंका ने पहला, प्रमिला ने दूसरा और प्रज्ञा व रिविका ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, सब जूनियर वर्ग में श्रेया ने पहला, गैसु ने दूसरा और निर्झर व राजधानी ने तीसरा स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में नीलम ने पहला, श्रेया ने दूसरा और शबनम व अनम ने तीसरा स्थान हासिल किया।


