भास्कर न्यूज | डौंडी विकासखंड के 33 हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्यों की बैठक बीआरसी भवन में हुई। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई। डीईओ मधुलिका तिवारी ने औसत प्रदर्शन करने वाले तथा मेधावी विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने, पीयर लर्निंग की व्यवस्था करने, विषयवार मेंटर शिक्षक नियुक्त करने तथा विद्यार्थियों के लिए लक्ष्य निर्धारण व प्रोत्साहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास में रहने वाले तथा लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों पर विशेष निगरानी रखते हुए प्रभावी अध्यापन कराने पर भी जोर दिया। दिसंबर में होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षा तथा उल्लास महापरीक्षा अभियान की तैयारी को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान प्राचार्यों ने आपार आईडी निर्माण में आ रही दिक्कत व 1 दिसंबर से प्रारंभ होने वाले बायोमेट्रिक कार्य की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार चतुर्वेदी एवं बीआरसी सच्चिदानंद शर्मा उपस्थित रहे।


