जोधपुर | कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर सहित प्रदेश के 148 कृषि कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेट) के रजिस्ट्रेशन बंद हो गए है। 11,465 सीटों के लिए 35 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। ऐसे में एक सीट के लिए तीन अभ्यर्थियों की दावेदारी है। सीट आवंटन सोमवार को होगा। अभ्यर्थियों को दो राउंड में सीट आवंटन किया जाएगा। नोडल एजेंसी स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर की ओर से 29 जून को जेट आयोजित की गई थी। इसके बाद पांच माह तक सीट मैट्रिक्स में प्रक्रिया अटकी रही। दैनिक भास्कर के खबर प्रकाशित करने के बाद में अब काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हुई है। 7 तक रिपोर्टिंग, नया सत्र 17 दिसंबर से : समन्वयक डॉ. विजय प्रकाश ने बताया कि 7 दिसंबर अलॉटमेंट तक स्वीकार कर फीस जमा करनी होगी। सीट से संतुष्ट नहीं होने वाले अभ्यर्थी अपवर्ड मूवमेंट के आवेदन कर सकेंगे।


