चाइनीज मांझे से बच्चे की मौत:नेमावर ब्रिज पर 3 थानों की सीमा, घायल को साथ लाए तब पता चला कनाड़िया में हुई घटना

चाइनीज मांझे से गला कटने से हुई 16 वर्षीय गुलशन की मौत का घटना स्थल ढूंढने में पुलिस परेशान होती रही, क्योंकि यहां तीन थाना क्षेत्र कनाड़िया, खुड़ैल और आजाद नगर की सीमाएं लगती हैं। आखिरकार पुलिस घायल को घटनास्थल पर लाई, तब पता चल सका कि यह क्षेत्र कनाड़िया थाना में आता है। इधर, प्रारंभिक सूचना के आधार पर तेजाजी नगर पुलिस ने बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराया। अब कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की जांच कनाड़िया पुलिस करेगी। इस तरह की गलतफहमी पहले भी कई बार हो चुकी है, जिससे आमजन के साथ ही पुलिस भी परेशान होती रहती है। बायपास स्थित नेमावर ब्रिज पर 200 मीटर की दूरी पर तीन थानों की सीमाएं लग रही हैं। यहां देवास तरफ से आते वक्त यूनो मल्टी तक कनाड़िया थाना लगता है। उसके आगे गली की सड़क पार करते ही खुड़ैल थाना लग जाता है। इसके उलट ब्रिज के दूसरी तरफ आजाद नगर थाने की सीमा लग जाती है। थोड़ा और आगे चलें तो एक-डेढ़ किमी दूर तेजाजी नगर थाने की सीमा लग जाती है। कई बार इसी गफलत में लोग परेशान होते रहते हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत खुड़ैल थाना क्षेत्र की आती है, क्योंकि वहां से खुड़ैल की दूरी ज्यादा है, इसलिए वहां की पुलिस को आने में भी समय लग जात है। डी मार्ट के आसपास खोजते रहे
तेजाजी नगर पुलिस टीम पोस्टमॉर्टम करवाने पहुंची। वहीं, एसीपी रवींद्र बिलवाल और तेजाजी नगर टीआई देवेंद्र मरकाम टीम के साथ जांच में जुटे। मृत गुलशन के फुफेरे भाई अरुण जाटव ने शुरुआत में बताया था कि डी मार्ट के आसपास की घटना है। इस पर टीमें डी मार्ट से ही सड़कें, सर्विस रोड और दुकानों पर छानबीन करती रही। एक घंटे तक घटनास्थल नहीं मिला। फिर टीआई मरकाम जख्मी अरुण को एमवायएच से बायपास पर लाए। आखिर नेमावर ब्रिज को देख अरुण पहचान गया कि यहां घटना हुई है। वह कनाड़िया थाना क्षेत्र में आता है। खून ज्यादा बहने से मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शी भानू सोलंकी ने बताया बच्चे का गला कटते ही बाइक रुकी तो उन्हें देख मैं दौड़ा। पहले समझा एक्सीडेंट हुआ है। फिर बच्चों के हाथ में चाइनीज मांझा देख हकीकत पता चली। जिस बच्चे का गला कटा था उसने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसका काफी खून बह चुका था। अनजान का शव देखकर लिपट पड़ी मां
गुलशन की मौत की खबर सुन परिजन एमवायएच पहुंच गए थे। एक एम्बुलेंस में एक अज्ञात युवक का शव ले जाने के लिए बाहर निकाला था। उसे देख मां, बहन, बुआएं गुलशन का शव समझ लिपटकर रोने लगीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *