जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने भारतीय सेना के एक जवान के घर का अंधेरा दूर हो गया। कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के सीधे हस्तक्षेप से सैनिक सलीम खान के घर तत्काल विद्युत कनेक्शन जारी किया गया, जिससे परिवार को राहत मिली। जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना की 8 ग्रेनेडियर्स बटालियन में लेह में पदस्थापित सैनिक सलीम खान लंबे समय से अपने दीनदारपुरा स्थित घर के लिए बिजली कनेक्शन के लिए प्रयास कर रहे थे, लेकिन मामला लंबित था। कनेक्शन न मिलने के कारण उनके बच्चों की पढ़ाई और परिवार का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। समस्या सुनते ही कलेक्टर डॉ. खड़गावत ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ.आर. मीणा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही विभाग ने तेजी दिखाई और उसी दिन सलीम खान के घर पर बिजली कनेक्शन चालू कर दिया। विद्युत कनेक्शन मिलने पर सैनिक सलीम खान ने जिला प्रशासन और कलेक्टर का आभार व्यक्त किया।अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने कहा कि जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से एवं तत्काल प्रभाव से किया जाए।


