धौलपुर में एक गार्ड का वीडियो वायरल होने के बाद जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने उसकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। यह कार्रवाई जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव के निर्देश पर की गई। अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि विभाग राजस्थान सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की छवि खराब करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने इस वायरल वीडियो को लेकर एक जांच दल का गठन किया है। यह दल मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजे गए एक वीडियो में शिकायत की गई थी कि उड़ान दस्ता टीम में तैनात सुरक्षा गार्ड ने कागजात मांगने के दौरान ट्रक ड्राइवर से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर संविदा सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया गया और इसके संबंध में राजस्थान एक्स-सर्विसमेन कॉरपोरेशन, भरतपुर को पत्र भेजा गया है।


