मैहर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बीते 48 घंटों के भीतर विभिन्न जिलों और राज्यों से कुल 14 लापता बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत पिछले एक माह में कुल 45 बच्चों को खोजकर उनके परिजनों को सौंपा गया है। यह जानकारी 30 नवंबर को मैहर पुलिस द्वारा दी गई। पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर और अनुविभागीय अधिकारियों के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों ने लापता नाबालिगों की तलाश में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य राज्यों व जिलों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर इन सफलताओं को अंजाम दिया। एसपी मैहर ने पूर्व में ही निर्देश दिए थे कि लापता बच्चों की तलाश पुलिस की शीर्ष प्राथमिकता है। इन निर्देशों के अनुरूप सभी थानों में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप लगातार बच्चों की सुरक्षित बरामदगी हो रही है। बरामद की गई बालिकाओं में अमरपाटन थाना क्षेत्र से भोपाल, विदिशा और अहमदाबाद (गुजरात) से, रामनगर थाना क्षेत्र से जबलपुर, खरगोन, रामनगर कस्बा और सतना से बालिकाएं शामिल हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र से रायबरेली (उत्तर प्रदेश), सूरत (गुजरात), बालाघाट (मध्य प्रदेश) और वाराणसी (उत्तर प्रदेश) से नाबालिगों को दस्तयाब किया गया। इसके अतिरिक्त, अमदरा थाना से नई दिल्ली, बदेरा थाना से बड़ौदा (गुजरात) और ताला थाना से सतना से भी बालिकाओं को बरामद किया गया है। मैहर पुलिस की सतत सक्रियता और संवेदनशीलता के कारण जिले में लापता बच्चों की खोज में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और हर लापता बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुँचाना ही उनका सर्वोच्च लक्ष्य है।


