धनबाद स्थित झरिया के बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र के भूतगढ़िया में सोमवार सुबह झाड़ियों से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुराना कलाली से सुरेंद्र कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर स्थित खेल मैदान के पास स्थानीय लोगों ने सुबह टहलते समय शव देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बोर्रागढ़ ओपी प्रभारी निरंजन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक की बाईं आंख के पास गहरा कटाव पाया गया, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। घटनास्थल पर सड़क से शव तक खून की बूंदें भी मिली हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई होगी और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंका गया है। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में सूचना भेज रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।


