बोकारो में वृद्ध दंपती की बेरहमी से हत्या:राशन और नाश्ते की दुकान चलाते थे दोनों, घर में खून से लथपथ मिली लाश

बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक वृद्ध दंपती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना जोशी कॉलोनी स्थित बाली होटल में हुई, जहां 65 वर्षीय महावीर साव और उनकी 60 वर्षीय पत्नी कौशल्या देवी अपने घर में मृत पाए गए। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे शहर में भय का माहौल है। महावीर साव और कौशल्या देवी मूल रूप से चिदरी, चतरोचट्टी के निवासी थे। वे बोकारो के गेट नंबर तीन, सेक्टर-9 जोशी कॉलोनी में रहते थे और लंबे समय से राशन और चाय-पकौड़ी की दुकान चलाते थे। सोमवार सुबह जब स्थानीय लोग नाश्ते के लिए दुकान पर पहुंचे, तो वह बंद मिली। कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं आया। आंगन खून से लथपथ था संदेह होने पर पड़ोसियों ने घर का मुख्य दरवाजा धकेला। अंदर का दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए। आंगन खून से लथपथ था। भीतर महावीर साव का शव पड़ा था, जबकि उनकी पत्नी कौशल्या देवी का गला रेता हुआ था। घटना की खबर तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई। सूचना मिलते ही हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम, बोकारो सिटी डीएसपी आलोक रंजन, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया दंपती की बहू अनीता देवी ने आरोप लगाया कि उनके सास-ससुर की बेरहमी से हत्या की गई है। हालांकि, हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस पुरानी रंजिश, लूटपाट, पारिवारिक विवाद और कारोबारी कारणों सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। मृतक दंपती के दो बेटे और एक बेटी है। इस खौफनाक वारदात के बाद से जोशी कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *