सीहोर पुलिस ने “मुस्कान विशेष अभियान” के तहत दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया है। इन दोनों मामलों में आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में गोपालपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पहला मामला 2 दिसंबर को दर्ज किया गया था, जब एक फरियादी ने अपनी नाबालिग बहन के लापता होने की रिपोर्ट दी। उसने बताया कि अल्लू नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। गठित टीम ने नाबालिग को रायसेन जिले के सियरमऊ निवासी 22 वर्षीय अल्लू पिता दुर्जन अहिरवार के कब्जे से बरामद किया। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा प्रकरण 25 अप्रैल का है, जहां एक फरियादी ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने नागेश नामक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। इस मामले में भी धारा 137(2) BNS के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने हरदा जिले के समधा निवासी 25 वर्षीय नागेश पिता जगदीश विश्वकर्मा के कब्जे से नाबालिग को बरामद किया। पूछताछ के बाद आरोपी के विरुद्ध रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


