डीग शहर में बस स्टैंड के पास भरतपुर रोड पर सोमवार दोपहर लोक परिवहन बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार जीजा–साले गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें डीग जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घायलों की पहचान योगेश (27) निवासी इंद्रौली, तहसील कामा और लक्ष्मण (28) निवासी करमुका के रूप में हुई है। दोनों अपनी बाइक से सर्विस कराने के लिए भरतपुर जा रहे थे। ठीक उसी दौरान बस स्टैंड के पास महलों के पीछे यह दुर्घटना घटित हुई। पुलिस ने बस जब्त की, ड्राइवर फरार सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डीग कोतवाली के एएसआई नौहबत सिंह ने बताया कि बस और बाइक की टक्कर की सूचना कंट्रोल रूम से मिली थी। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने लोक परिवहन बस को कब्जे में लेकर सदर थाने में खड़ा किया है, जबकि बस चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। डीग जिला अस्पताल के डॉ. गजेंद्र पाल ने बताया कि योगेश के दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि लक्ष्मण के सिर में गहरी चोट आई है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।


