सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 61वें स्थापना दिवस पर सोमवार को 38वीं बटालियन BSF की ओर से राष्ट्रीय सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को समर्पित वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व 38वीं बटालियन के कमांडेंट राकेश पंवार ने किया, जबकि यह पूरा आयोजन BSF क्षेत्रीय मुख्यालय, जैसलमेर नॉर्थ के DIG जितेन्द्र सिंह बिंजी के दिशा-निर्देश में सम्पन्न हुआ। सोमवार सुबह से ही बटालियन मुख्यालय और सीमा क्षेत्रों में जवानों और अधिकारियों ने मिलकर सैकड़ों पौधे लगाए। इसमें नीम, शीशम, रोहिड़ा और स्थानीय जलवायु में विकसित होने वाले कई पौधों को शामिल किया गया। वृक्षारोपण में जवानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने योग्य रही। सभी ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए इन पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें बड़े और घने पेड़ों के रूप में विकसित किया जाएगा। सरहद की रक्षा के साथ प्रकृति के प्रति भी संवेदनशील कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट राकेश पंवार ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण हमारे भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा राष्ट्रीय दायित्व है। BSF केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाला बल नहीं है, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति संवेदनशील संगठन भी है। वृक्षारोपण अभियान हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित वातावरण तैयार करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।” पेड़ लगाना और उसकी सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी कमांडेंट राकेश पंवार ने कहा कि आज जब दुनिया पर्यावरण संकट, बढ़ते तापमान और पानी की कमी जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है, ऐसे समय में ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाना और उनकी सुरक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। BSF इस जिम्मेदारी को केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि सेवा भाव के साथ निभा रहा है। जवानों ने भी बताया कि सीमा पर तैनाती के दौरान उन्हें मौसम की कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पेड़-पौधे सिर्फ पर्यावरण ही नहीं बल्कि जवानों के लिए छाया, शुद्ध हवा और संतुलित वातावरण का भी आधार बनते हैं। इसलिए वे इस अभियान को अपनी ड्यूटी का हिस्सा मानते हैं। प्रहरी भोज का हुआ आयोजन वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद बटालियन मुख्यालय एवं सीमा चौकियों पर प्रहरी भोज का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारी और जवान एक साथ भोजन के लिए उपस्थित हुए। BSF में प्रहरी भोज को आपसी एकता, अनुशासन और भाईचारे का प्रतीक माना जाता है। सभी ने एक साथ भोजन कर आपसी सौहार्द को और मजबूत किया। DIG जितेन्द्र सिंह बिंजी ने बधाई संदेश में कहा कि BSF न केवल सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, बल्कि समाजहित और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में भी अग्रणी है। उन्होंने 38वीं बटालियन की टीम को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। BSF की इस पहल से क्षेत्र में ग्रीन कवर बढ़ेगा और स्थानीय पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। बटालियन का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि सीमा क्षेत्र न सिर्फ सुरक्षित, बल्कि हरा-भरा भी बन सके।


