यूरिया खाद की कमी: किसानों ने घेरा तहसील कार्यालय:बड़ौदा में खाद न मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बड़ौदा क्षेत्र में यूरिया खाद की लगातार कमी से परेशान किसानों ने सोमवार को तहसील कार्यालय का घेराव किया। किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंडला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द खाद उपलब्ध नहीं कराई गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। किसानों ने बताया कि रबी सीजन में गेहूं, सरसों और चना जैसी फसलों के लिए यूरिया खाद की अत्यधिक आवश्यकता होती है। हालांकि, वर्तमान में बड़ौदा क्षेत्र में खाद का संकट गहराता जा रहा है। किसान वेयरहाउस और सहकारी संस्थाओं के बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद खाद नहीं मिलने से क्षुब्ध हैं। सोमवार को वेयरहाउस पर लगी लंबी लाइनों में खड़े किसानों के लिए तत्काल टोकन वितरण की व्यवस्था करवाई गई, जिससे उन्हें थोड़ी राहत मिली। जमीनी हालात बेहद खराब किसान नेता मीणा ने कहा कि शासन-प्रशासन के दावों के विपरीत जमीनी हालात बेहद खराब हैं। किसानों की मांग है कि मार्कफेड वेयरहाउस सहित बड़ौदा तहसील की सभी सहकारी संस्थाओं पर पर्याप्त मात्रा में खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसानों की समस्याओं को सुनते हुए तहसीलदार बड़ौदा सुरेश राठौड़ ने संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन जल्द व्यवस्था नहीं सुधारता, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *