गाडगंगा नदी पर पटिए नहीं लगे, पानी फालतू बह रहा:खिलचीपुर में पूर्व पार्षद बोले- गर्मी में जल संकट हो सकता

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में गाडगंगा नदी पर पानी रोकने के लिए लगाए जाने वाले पटिए अब तक नहीं लगाए गए हैं। इससे नदी का पानी लगातार बह रहा है और उसका स्तर तेजी से गिर रहा है। पूर्व पार्षद राकेश जायसवाल ने चेतावनी दी है कि इससे शहर गर्मियों में गंभीर जल संकट का सामना कर सकता है। जायसवाल के अनुसार, हर साल डोल ग्यारस से पहले पुल पर पटिए लगाकर नदी का पानी रोक दिया जाता था। हालांकि, इस साल दो महीने बीत जाने के बाद भी यह काम अधूरा है। ठेका ऑनलाइन प्रक्रिया से जारी किया गया था, लेकिन ठेकेदार ने एक बार भी साइट पर पहुंचकर पटिए लगाने का प्रयास नहीं किया। ठेकेदार पर नहीं की गई कार्रवाई नगर परिषद ने इस मामले में सिर्फ औपचारिकता निभाते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। लेकिन, अभी तक कोई सख्त कार्रवाई या साइट पर काम की निगरानी नहीं की गई है, जिससे स्थिति जस की तस बनी हुई है। पानी के लगातार बहने से नदी का जलस्तर तेजी से घट रहा है, जिससे गर्मियों में नदी के आसपास के जल स्रोत सूखने का खतरा है। इस लापरवाही का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ सकता है, क्योंकि पेयजल व्यवस्था के लिए परिषद को लाखों रुपए खर्च कर पानी मंगवाना पड़ेगा, जिसका बोझ अंततः जनता पर ही आएगा। शहर में अब यह सवाल उठ रहे हैं कि जब ठेका दिया गया था, तो काम क्यों नहीं हुआ? नोटिस देने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं की गई? स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द नदी का पानी रोका जाए और नगर परिषद इस महत्वपूर्ण कार्य में बरती गई सुस्ती का जवाब दे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *