पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र में नहर किनारे काम कर रहे एक वृद्ध किसान को अज्ञात बोलेरो चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। नहर किनारे काम कर रहे थे किसान घायल किसान की पहचान 58 वर्षीय गजराज सिंह यादव, निवासी पडेरी, के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, एक दिसंबर को गजराज सिंह अपने गांव के पास नहर किनारे कृषि कार्य कर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो कार ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। चालक नशे में था, बिना रुके भागा घायल किसान ने बताया कि कार चालक शराब के नशे में था और तेज गति से वाहन चला रहा था। हादसे के तुरंत बाद चालक बिना रुके कार सहित मौके से भाग गया। गजराज सिंह की चीख सुनकर आसपास के किसान पहुंचे और उन्हें गुन्नौर अस्पताल ले जाया गया। स्थिति नाजुक, जिला अस्पताल रेफर गुन्नौर में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर कर दिया। डॉक्टर सुधीर सिंह चौहान ने बताया कि किसान का पैर बुरी तरह टूट गया है, साथ ही सिर और पेट में भी गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने दर्ज किया मामला किसान के परिजनों की शिकायत पर गुन्नौर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


