सीकर के खाटूश्यामजी में गहने बनाने की फैक्ट्री में पार्टनर बनाने का झांसा देकर 16 किलो चांदी हड़प ली। जयपुर निवासी दो लोगों ने ज्वेलर को फर्जी एग्रीमेंट बनाकर दे दिया। अब ज्वेलर ने खाटूश्यामजी पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। खाटूश्यामजी में स्थित गोविंदम ज्वेलर्स के मालिक रविंद्र कुमार सोनी ने पुलिस में शिकायत देकर बताया- उनकी खाटूश्यामजी में ज्वेलरी शॉप है। यहां पर जयपुर निवासी कमलेश कुमार और आकाश सोनी सोना-चांदी खरीदने,बेचने का काम करते थे। इससे रविंद्र कुमार को अच्छा विश्वास हो गया। दोनों जनवरी 2024 में रविंद्र के पास आए और कहा कि हम जयपुर में चांदी के जेवरात बनाने की फैक्ट्री लगाने का प्लान कर रहे हैं। इसमें हम आपको भी पार्टनर बनाना चाहते हैं। कमलेश और आकाश की बातों में आकर रविंद्र ने 16 किलो चांदी फैक्ट्री में इन्वेस्ट करने के लिए दे दी। कुछ समय बाद रविंद्र ने इन लोगों से फैक्ट्री की शुरुआत करने के बारे में पूछा तो दोनों ने कहा- तीन-चार महीने का टाइम लगेगा। यह कहकर कमलेश और आकाश ने रविंद्र से उसका आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटो कॉपी लेकर कहा कि हम आपका भी हमारे साथ पार्टनरशिप डॉक्यूमेंट बनाएंगे। फैक्ट्री लगाने के लिए जयपुर में खाली प्लॉट दिखाया कमलेश और आकाश ने रविंद्र को जयपुर में खाली प्लॉट भी दिखाया और कहा कि हम यहीं पर फैक्ट्री लगाएंगे। लेकिन तीन से चार महीने का समय बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। रविंद्र ने दोनों को कॉल किया। तब कमलेश और आकाश के व्यवहार में चेंज हुआ। दोनों फोन स्विच ऑफ रखने लगे। जब रविंद्र जयपुर के प्लॉट पर पहुंचा तो उन्हें पता चला कि जिस प्लॉट में फैक्ट्री लगाने की बात थी। वहां कोई फैक्ट्री नहीं थी। 16 किलो चांदी 1 साल बाद लौटाने के लिए कहा जब रविंद्र ने दोबारा कमलेश और आकाश से बातचीत की तो उन्होंने कहा- अभी तक फैक्ट्री नहीं लग पाई है। लेकिन आपको 16 किलो चांदी बिजनेस में लगाकर 1 साल बाद लौटाएंगे। कमलेश और आकाश ने एक स्टांप बनवा कर दिया। सिक्योरिटी के तौर पर एक बैंक चेक भी दिया। वापस कुछ समय बाद जब रविंद्र ने दोनों से बातचीत करने की कोशिश की तो इन्होंने फोन बंद कर लिया और दुकान पर भी आना-जाना छोड़ दिया। जब रविंद्र और उनकी पत्नी मीना उनके घर पर गए तो वहां कमलेश की पत्नी को आवाज दी। तब कमलेश की पत्नी ने कहा- वह लोग यहां पर नहीं है। ऐसे में रविंद्र ने कमलेश को उसके घर के बाहर का फोटो भी भेजा। इसके बाद दोनों रविंद्र को धमकी देने लगे कि आप बार-बार में हमें फोन करोगे तो हम लोग आपके खिलाफ झूठा मुकदमा करके आपको फंसा देंगे। 8 नवंबर 2025 को कमलेश और आकाश ने फोन पर आश्वासन दिया कि वह 16 किलो चांदी लौटा देंगे। दोनों ने रविंद्र को कहा कि उन्होंने फर्जी एग्रीमेंट बनाकर दिया और जो चेक दिया हैं, उनका बैंक अकाउंट भी बंद करवा दिया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल राहुल कर रहे हैं।


