सीकरी पुलिस ने ‘ऑपरेशन एंटी वायरस’ के तहत ऑनलाइन सस्ते लैपटॉप बेचने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आठ साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। सीकरी थानाधिकारी मुकेश चेची ने बताया कि साइबर सेल डीग से एएसआई जगदीश यादव को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर मिली शिकायत के आधार पर सूचना मिली थी। शिकायत में दर्ज मोबाइल नंबर की लोकेशन पटवन बिहार को जाने वाली सड़क के आसपास पाई गई। इस सूचना पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बताया कि मौके पर आठ लड़के बैठकर साइबर ठगी कर रहे थे। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोजपुर निवासी मिंटू सिंह (पुत्र जोगेंद्र सिंह), गबड़ियाबास निवासी अबू सलेम (पुत्र अख्तर), सिहावली निवासी मोहिन (पुत्र हाकम), मुबारिक (पुत्र हाकम), तौफिक (पुत्र कमरू) और झेंझपुरी निवासी फकरुद्दीन (पुत्र हाकमदीन) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के मोबाइल फोन में फर्जी सिम कार्ड डालकर और फर्जी आईडी बनाकर विभिन्न सोशल साइट्स पर सक्रिय रहते थे। वे लोगों को ऑनलाइन सस्ते लैपटॉप, बाइक और स्कूटी बेचने का झांसा देते थे। इसके बाद, एडवांस और डिलीवरी चार्ज के नाम पर लोगों से पैसे ठगते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई एक बोलेरो गाड़ी और एक बाइक जब्त की है। इसके अतिरिक्त, आठ मोबाइल फोन (सिम कार्ड सहित) और दो अलग से फर्जी सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।


