झालावाड़ में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 21 दिसंबर को आयोजित होगी। इसकी तैयारियों को लेकर खानपुर तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट अंजू कुमारी ने की। यह बैठक राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव शशि गजराना के निर्देशों के तहत बुलाई गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निपटारा सुनिश्चित करना और प्रक्रियात्मक बाधाओं को दूर करना था। बैठक में तहसीलदार खानपुर, सेंट्रल बैंक से नितेश कुमार नागर, बीएसएनएल खानपुर से हसन खान, पुलिस थाना सारोला से प्रेमचंद एएसआई, पुलिस थाना पनवाड़ से सुरेश कुमार एएसआई, पुलिस थाना खानपुर से महेश कॉन्स्टेबल, एसबीआई बैंक से हरीश मीणा और जेवीवीएनएल खानपुर से फरीददीहीन चिश्ती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उपस्थित अधिकारियों ने लोक अदालत का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और मामलों के त्वरित निस्तारण के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।


