कटनी जिले की बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र में बिजली बिल वसूली के दौरान हंगामा हो गया। मध्य प्रदेश शासन के विद्युत कंपनी की ओर से की ‘समाधान योजना’ के प्रचार-प्रसार और बकाया बिलों से उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मुहिम के बावजूद, रविवार को ग्राम तिलहरी में वसूली के लिए पहुंची टीम को उपभोक्ताओं के तीखे विरोध और हाथापाई का सामना करना पड़ा। इस घटना का एक वीडियो सोमवार को सामने आया है। विद्युत कंपनी ने उपभोक्ताओं को बकाया बिलों में छूट और अन्य लाभ दिलाने के लिए क्षेत्र में जागरूकता रैलियां आयोजित की थीं। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को आसानी से बिल जमा करने के लिए प्रेरित करना था। हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद, जब विद्युत कंपनी की टीम बकाया राशि वसूलने ग्राम तिलहरी पहुंची, तो स्थिति बिगड़ गई। कुछ ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। उपभोक्ता पर बकाया था पांच साल का बिल सहायक अभियंता अभिषेक गिरवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मचारियों के साथ कोमल काछी, नरेश काछी और नरेंद्र काछी नामक उपभोक्ताओं ने अभद्रता और दुर्व्यवहार किया।इन उपभोक्ताओं पर वर्ष 2020 से 7,125 रुपए की बकाया राशि थी, जिसे उन्होंने जमा नहीं किया था। जब टीम नियमानुसार वसूली के लिए पहुंची, तो उनके साथ न केवल गाली-गलौज की गई, बल्कि धक्का-मुक्की भी की गई। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।


