खरगोन के महेश्वर के वार्ड 14 में खेलते समय चार छोटे बच्चों ने गलती से रतनजोत के बीज खा लिए। बीज खाने के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत खराब होने लगी और उन्हें उल्टी आने लगी। परिजन तुरंत बच्चों को महेश्वर अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें हालत बिगड़ने पर खरगोन जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चों को पीआईसीयू (पेडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) में भर्ती किया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चों को रतनजोत के बीज खाने से उल्टी, चक्कर और दस्त जैसी समस्याएं हुई थीं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बीमार बच्चों के नाम 10 वर्षीय नूर फातिमा, 8 वर्षीय अली, 6 वर्षीय हैरान और 4 वर्षीय अदनान हैं। खेलते समय उन्हें बीज जहरीले होने का पता नहीं चला और उन्होंने उन्हें खा लिया। परिजन ने बताया कि बच्चों को उल्टी होती देख वे तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। पीआईसीयू में इलाज कर रहे डॉ. शशिकांत पाटीदार ने कहा कि बच्चों का तेजी से सुधार हो रहा है। लगातार निगरानी में उपचार दिया जा रहा है और उम्मीद है कि मंगलवार तक सभी बच्चों को सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा।


