गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के काजीमगहा गांव में सोमवार शाम बच्चा चोरी के संदेह में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक गांव के एक छोटे बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। ग्रामीणों को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने उसे रोका। ग्रामीणों द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवक के जवाबों में विरोधाभास पाया गया। इसी दौरान युवक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को एक बिजली के खंभे से बांध दिया और उसके साथ मारपीट भी की। घटना की सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जमुआ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपनी हिरासत में लिया और थाने ले आई। पूछताछ में आरोपी की पहचान बिहार के मुंगेर जिले के निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है। इस मामले पर जमुआ थाना प्रभारी प्रदीप दास ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है ताकि वास्तविकता की पुष्टि की जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, लेकिन कानून अपने हाथ में न लें।


