देवास में महात्मा गांधी (एमजी) रोड चौड़ीकरण का कार्य तेजी से जारी है। नगर निगम के सड़क निर्माण में बाधक अतिक्रमण हटाए जाने के बाद सोमवार को सभापति रवि जैन ने मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य का जायजा लिया और व्यापारियों समेत रहवासियों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के निर्देश दिए। सभापति जैन ने जनता बैंक चौराहा-सुभाष चौक से लेकर महेश टॉकीज-नावेल्टी चौराहा, नावेल्टी-तहसील चौराहा और सयाजी द्वार तक के मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क के दोनों ओर के व्यापारियों और निवासियों से चौड़ीकरण परियोजना से संबंधित सवालों पर चर्चा की। सभापति बोले- मलबा जल्द हटाएं सभापति ने उन लोगों से भी अपील की है जिन्होंने बाद में अपने बाधक निर्माण हटाए हैं, वे शेष मलबा जल्द हटाएं। इससे सड़क निर्माण का कार्य बिना किसी देरी के आगे बढ़ सकेगा। अधिकारियों को फिर से मार्किंग के निर्देश कुछ व्यापारियों ने सड़क निर्माण की मार्किंग को लेकर सवाल किए। इस पर सभापति ने अधिकारियों को फिर से मार्किंग करने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने जल्द कार्य शुरू कर मार्ग को सुचारू करने की बात कही, ताकि आवागमन में कोई परेशानी न हो। सभापति ने मौके पर ही निगम इंजीनियरों से चर्चा कर उन्हें स्पष्ट जानकारी प्रदान की, जिससे व्यापारियों की दुविधा दूर हुई। सभापति ने शामलात रोड, तीन बत्ती चौराहा, पीठा रोड और आसपास की गलियों के व्यापारियों और रहवासियों से भी अपील की। उन्होंने कहा कि सभी स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं, ताकि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। इस निरीक्षण के दौरान निगम के प्रभारी कार्यपालन यंत्री सौरभ त्रिपाठी, सहायक यंत्री मुशाहीद हन्फी सहित लोक निर्माण विभाग की टीम उपस्थित रही।


